अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी के साथ साइबर फ्रॉड, क्रेडिट कार्ड से 2.43 लाख रुपये की ठगी

HIGHLIGHTS
- अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी के साथ साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया, क्रेडिट कार्ड से 2.43 लाख रुपये की ठगी हुई।
- अज्ञात आरोपियों ने मोबाइल और कार्ड का अनधिकृत एक्सेस लेकर चार बड़े ट्रांजैक्शन किए, पुलिस ने जांच शुरू की।
- अंबोली पुलिस साइबर सेल की मदद से बैंक रेफरेंस और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
मुंबई। अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी के साथ साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन और क्रेडिट कार्ड का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर कुछ ही मिनटों में 2,43,852 रुपये की ठगी कर ली। अभिनेत्री की शिकायत के बाद अंबोली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फ्रॉड का पता चलते ही ब्लॉक कराया क्रेडिट कार्ड
आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, कीर्ति कुल्हारी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि साइबर ठगी की घटना रात करीब 9:31 बजे हुई, जब वह अंधेरी पश्चिम स्थित फन रिपब्लिक मॉल के पास सिनेपोलिस थिएटर में मौजूद थीं।
इसी दौरान उनके मोबाइल नंबर पर बैंक की ओर से क्रेडिट कार्ड से एयरोमेक्सिको एयरलाइन पर 2,525 अमेरिकी डॉलर खर्च किए जाने का अलर्ट मैसेज आया। अनजान और संदिग्ध विदेशी लेनदेन की जानकारी मिलते ही अभिनेत्री ने तुरंत बैंक की टोल-फ्री हेल्पलाइन से संपर्क किया।
बैंक अधिकारियों ने जांच के बाद बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति के चार बड़े ट्रांजैक्शन किए गए थे। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से कार्ड को तुरंत ब्लॉक कर दिया गया।
डिजिटल मालवेयर या स्पाईवेयर से हैक होने की आशंका
पुलिस को दिए बयान में कीर्ति कुल्हारी ने बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड का पासवर्ड पूरी तरह गोपनीय था और उन्होंने इसे किसी के साथ साझा नहीं किया था। आशंका जताई जा रही है कि डिजिटल मालवेयर या स्पाईवेयर के जरिए उनके फोन और कार्ड की जानकारी हासिल की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबोली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। साइबर सेल की टीम बैंक रेफरेंस नंबर और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इन फिल्मों से बनाई पहचान
कीर्ति कुल्हारी के फिल्मी करियर की बात करें तो वह 'पिंक', 'उरी द सर्जिकल स्ट्राइक', 'इंदु सरकार', 'मिशन मंगल' और 'क्रिमिनल जस्टिस' जैसी फिल्मों और सीरीज में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में वह सीरीज 'शेखर होम' में नजर आई थीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.