सरकारी नहीं तो प्राइवेट नौकरी, बांकीपुर के युवाओं के लिए प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान

HIGHLIGHTS
- यारपुर राजपूताना में आयोजित कार्यक्रम में प्रशांत किशोर ने घोषणा की।
- युवाओं से कार्यालय में बायोडाटा और सीवी जमा कराने को कहा।
- देशभर में मौजूद संपर्कों के जरिए नौकरी दिलाने की कोशिश होगी।
पटना। बांकीपुर उपचुनाव में जीत के बाद जन सुराज के सूत्रधार और विधायक प्रशांत किशोर ने अपने विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। यारपुर राजपूताना में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बांकीपुर के पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं का बायोडाटा और सीवी उनके कार्यालय में जमा कराया जाए। उन्होंने कहा कि अगले एक से दो साल में कम से कम 10 हजार परिवारों के बच्चों को नौकरी दिलाने की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में जीत के बाद कुछ लोग कह रहे हैं कि वह पांच-सात दिनों से घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह घूम नहीं रहे हैं, बल्कि लोगों का काम कर रहे हैं और इसी के तहत आज घोषणा करने आए हैं।
सरकारी नहीं तो प्राइवेट नौकरी दिलाने की कोशिश
प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर किसी का बच्चा पढ़ा-लिखा होने के बावजूद बेरोजगार है तो उसका अच्छा बायोडाटा और सीवी तैयार कराकर उनके कार्यालय में जमा कराया जाए। उन्होंने बताया कि देशभर में उनके कई लोगों से संपर्क हैं। इन्हीं संपर्कों के जरिए फैक्ट्री, ऑफिस या अन्य स्थानों पर युवाओं को नौकरी दिलाने की कोशिश की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल सरकारी नौकरी दिलाना उनके हाथ में नहीं है। ऐसे में युवाओं को प्राइवेट सेक्टर में रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे वे अपने जीवन-यापन के लिए कमाई कर सकें।
10 हजार बच्चों को नौकरी दिलाने की व्यवस्था करने का दावा
प्रशांत किशोर ने कहा कि यह उनके चुनावी वादों में शामिल नहीं था, लेकिन अब वह इसे करने जा रहे हैं। उन्होंने बांकीपुर के पढ़े-लिखे युवाओं से नौकरी के लिए आवेदन करने की स्थिति में अपना सीवी उनके कार्यालय में जमा कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि अगले एक से दो साल में बांकीपुर के कम से कम 10 हजार परिवारों के बच्चों को नौकरी मिल सके। प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि बिहार के किसी एक विधानसभा क्षेत्र से अगर सबसे ज्यादा युवाओं को नौकरी मिलेगी तो वह बांकीपुर के लड़कों को मिलेगी।
नौकरी, पढ़ाई, पेंशन और अनाज पर काम का दावा
कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि नौकरी, पढ़ाई, 1100 रुपये पेंशन और अनाज, इन चार चीजों को निश्चित तौर पर पूरा किया जाएगा। वहीं, क्षेत्र की दूसरी समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पानी और कूड़ा-कचरा जैसे मुद्दों के समाधान के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि वह लंबे-चौड़े वादे नहीं करेंगे। जनता ने जो समस्याएं उनके सामने रखी हैं, उन्हें दूर करने के लिए सरकार के साथ मिलकर काम शुरू करने के लिए उन्होंने समय मांगा है।
'अब बच्चों को नौकरी के लिए बाहर जाना पड़ेगा'
प्रशांत किशोर ने कहा कि फिलहाल जन सुराज की सरकार नहीं है, इसलिए युवाओं को नौकरी के लिए बिहार से बाहर जाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि अपने संपर्कों के माध्यम से युवाओं को बाहर नौकरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि जब बिहार में जन सुराज की सरकार बनेगी तो युवाओं को रोजगार के लिए बिहार से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बिहार में ही नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.