हरिद्वार कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था का IG-DIG ने लिया जायजा, अफसरों को दिए निर्देश

HIGHLIGHTS
- अधिकारियों ने मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर CCTV के जरिए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
- बेहतर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों और जवानों को मैन ऑफ द डे सम्मान दिया गया।
- पुलिस टीमों को अफवाहों पर नजर रखने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उत्तराखंड। सोमवार को आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे और डीआईजी कानून व्यवस्था धीरेंद्र सिंह गुंज्याल हरिद्वार पहुंचे और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हरकी पैड़ी, बैरागी कैंप पार्किंग, चंडी चौक और शंकराचार्य चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान बेहतर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों, अर्द्धसैनिक बल के जवानों और एसपीओ को मैन ऑफ द डे सम्मान से सम्मानित किया गया।
निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारी मेला कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां सीसीटीवी कैमरों के जरिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद सुपर जोनल और जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए तैयारियों और रणनीति पर चर्चा की गई।
आईजी निलेश आनंद भरणे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ सुचारु रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी छोटी घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचे और समस्या का समाधान करे।
आईजी ने सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें चौबीसों घंटे सक्रिय रहें और यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने की कोशिश करता है तो उसकी पहचान कर उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी घटना के होने का इंतजार करने के बजाय पहले से सतर्क रहकर काम करना होगा। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ एक टीम की तरह काम करना होगा। इसके अलावा कुछ संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.