मुजफ्फरनगर में अंतरराज्यीय कार चोर गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय लग्जरी कार चोरी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया।
- कार्रवाई के दौरान एक आरोपी घायल हुआ, जबकि पुलिस ने पांच चोरी की लग्जरी कारें, तमंचा, कारतूस और चोरी में इस्तेमाल उपकरण बरामद किए।
- पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की गाड़ियों को नेटवर्क के जरिए म्यांमार तक भेजा जाता था। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कई राज्यों से लग्जरी कारें चोरी कर उन्हें बेचने का काम करते थे। पूछताछ में सामने आया है कि चोरी किए गए वाहनों को एक नेटवर्क के जरिए म्यांमार तक भेजा जाता था। चारों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में चोरी समेत अन्य मामलों के करीब 35 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
चेकिंग के दौरान मिली गिरोह की सूचना
बुढ़ाना सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम शुक्रवार सुबह कांधला मार्ग स्थित लकड़ी आढ़त के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि विज्ञाना मार्ग के पास कुछ बदमाश चोरी की कारों की खरीद-फरोख्त करने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से राजू उर्फ योगेश घायल हो गया। वहीं, पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर उसके तीन साथियों आसिफ कमाल (पश्चिम बंगाल), अनिल और प्रदीप कौशिक को गिरफ्तार कर लिया।
पांच लग्जरी कारें और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच लग्जरी वाहन बरामद किए हैं। इनमें महिंद्रा थार, स्कॉर्पियो, दो ब्रेजा और एक हुंडई कार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद कारें हरियाणा और पश्चिम बंगाल से चोरी की गई थीं।
इसके अलावा आरोपियों के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वाहन चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी बुढ़ाना में भर्ती कराया गया है।
नेटवर्क और अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी की गाड़ियों की सप्लाई चेन और विदेश तक फैले नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे भी गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.