फिरोजाबाद में एनकाउंटर में दो बदमाश ढेर, SOG टीम पर की थी फायरिंग; गोली लगने से दो सिपाही भी घायल

HIGHLIGHTS
- फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में इटावा एसओजी और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने दो वांछित अपराधियों को मार गिराया।
- गाजियाबाद से झारखंड भाग रहे बदमाशों की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने संबलपुर एक्सप्रेस की घेराबंदी की थी, जहां से आरोपी भागने लगे।
- मुठभेड़ में बदमाशों की गोली से एसओजी के दो जवान घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिरोजाबाद। इटावा पुलिस की एसओजी टीम और बदमाशों के बीच शुक्रवार दोपहर शिकोहाबाद क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। नीम खेरिया गांव के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों को मार गिराया। वहीं, बदमाशों की गोलीबारी में एसओजी के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास दोपहर करीब 12 बजे हुई। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
गाजियाबाद से झारखंड भागने की फिराक में थे आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ वांछित बदमाश गाजियाबाद से झारखंड की ओर जा रहे हैं। उनकी लोकेशन संबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन में मिलने के बाद इटावा एसओजी टीम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर निगरानी शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने जैसे ही ट्रेन की घेराबंदी की, दोनों आरोपी ट्रेन से उतरकर पास के नीम खेरिया गांव की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश मारे गए।
फायरिंग में दो एसओजी जवान घायल
बदमाशों की गोली लगने से एसओजी के आरक्षी डेविड चौहान और पुष्पेंद्र घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक डेविड चौहान के पेट और पुष्पेंद्र के कंधे में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही इटावा के एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव और फिरोजाबाद के एसएसपी आदित्य लांघे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब मारे गए बदमाशों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड और पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.