मुरादाबाद में तेंदुए का हमला, पति के सामने महिला की मौत

HIGHLIGHTS
- मृतका की पहचान मिथलेश (45) पत्नी बृजपाल सिंह के रूप में हुई।
- आठ दिन के भीतर क्षेत्र में दूसरी महिला की मौत हुई है।
- इससे पहले 3 अगस्त को लालापुर पीपलसाना में महिला की मौत हुई थी।
मुरादाबाद। जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुओं का आतंक लगातार बना हुआ है। मंगलवार सुबह करीब दस बजे सुरजन नगर चौकी क्षेत्र के बहापुर बलिया गांव में तेंदुए ने एक महिला पर हमला कर दिया। हमले में मिथलेश (45) पत्नी बृजपाल सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश है।
बहापुर बलिया में तेंदुए के हमले में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। क्षेत्र में आठ दिन के भीतर यह दूसरी महिला की मौत है। इससे पहले तीन अगस्त को लालापुर पीपलसाना में तेंदुए ने एक महिला को अपना शिकार बनाया था। इसके बाद 15 अगस्त को राईभूड़ और बहापुर बलिया में दो किसानों पर तेंदुए ने हमला किया था।
लगातार हो रहे हमलों के बाद वन विभाग ने ठाकुरद्वारा और कांठ क्षेत्र में निगरानी और रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। 22 अगस्त को सरकड़ा परम में भी एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हुआ था। सोमवार को ठाकुरद्वारा के काशीराम नगर क्षेत्र में एक मादा तेंदुआ दो शावकों के साथ खेतों में घूमती दिखाई दी थी।
इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगातार हो रहे हमलों के बीच बहापुर बलिया में महिला की मौत ने वन विभाग की चुनौती बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और आसपास के क्षेत्रों में तेंदुओं की आवाजाही के कारण लोग अकेले बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।
अब तक नौ तेंदुए पकड़े गए
डीएफओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि जिले में अब तक नौ तेंदुए पकड़े जा चुके हैं। इनमें सात को अलग-अलग चिड़ियाघरों और वन्यजीव अभ्यारण्यों में भेज दिया गया है। दो तेंदुए अभी डियर पार्क में हैं और उन्हें भी दूसरी जगह भेजने की प्रक्रिया चल रही है। कांठ और ठाकुरद्वारा क्षेत्र में निगरानी के साथ तेंदुओं को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
तेंदुए को देखकर बेहोश हुई महिला
इससे पहले लालापुर पीपलसाना निवासी बीना देवी पत्नी विजयपाल सिंह तेंदुए को देखकर अचेत हो गई थीं। बीना देवी महिलाओं के समूह के साथ गन्ने के खेत में पशुओं के लिए चारा कर रही थीं। इसी दौरान उनके सामने तेंदुआ आ गया। तेंदुए को देखकर महिला चीख पड़ी और अचेत हो गई।
महिला की आवाज सुनकर अन्य महिलाएं उसके पास पहुंचीं। कुछ समय बाद बीना देवी को होश आया। इसके बाद सभी महिलाएं सड़क पर पहुंचीं और खेत में तेंदुआ होने की जानकारी दी। खेत में तेंदुआ होने की सूचना मिलने के बाद सड़क पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.