सोशल मीडिया पर कौन कितना एक्टिव? PM मोदी ने मंत्रियों को दी परफॉर्मेंस रिपोर्ट

HIGHLIGHTS
- PMO ने 1 मई से 15 अगस्त तक मंत्रियों की सोशल मीडिया गतिविधियों का आकलन किया
- फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन और एक्स पर सक्रियता को रिपोर्ट में शामिल किया गया
- मंत्रियों की पोस्ट और विभिन्न मुद्दों पर उनकी टिप्पणियों का भी विश्लेषण हुआ
नई दिल्ली। राजनीति और राजनीतिक विमर्श में इंटरनेट मीडिया की बढ़ती भूमिका को देखते हुए सरकार भी इसे लेकर गंभीर नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाहते हैं कि युवाओं के साथ पार्टी और सरकार का संवाद मजबूत बनाए रखने के लिए सभी मंत्री इंटरनेट मीडिया के प्रमुख प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन और एक्स पर अपनी सक्रियता बढ़ाएं।
मंत्रियों को दी गई परफॉर्मेंस रिपोर्ट
अब तक मंत्रियों की इंटरनेट मीडिया पर सक्रियता कैसी रही है, इसकी रिपोर्ट प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से तैयार कराई गई है। बुधवार को कैबिनेट बैठक के दौरान मंत्रियों को बंद लिफाफे में यह रिपोर्ट दी गई। इसमें मंत्रियों की रैंकिंग भी शामिल होने की बात कही गई है।
सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट बैठक में सभी मंत्रियों को एक-एक लिफाफा दिया गया। उन्हें बताया गया कि रिपोर्ट में एक मई से 15 अगस्त तक फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन और एक्स पर उनकी सक्रियता का लेखा-जोखा शामिल है। इसमें उनकी पोस्ट, विभिन्न मुद्दों पर उनके रुख और टिप्पणियों के साथ लोगों की प्रतिक्रियाओं को भी आधार बनाया गया है।
विपक्षी नेताओं से भी तुलना
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कौन सा मंत्री अपने समकक्ष मंत्रियों या विपक्षी दलों के नेताओं की तुलना में किस स्थिति में है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंत्रियों को इस रिपोर्ट को गंभीरता से लेने की सलाह दी। उन्होंने इंटरनेट मीडिया के बढ़ते महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी काफी जागरूक है और लगातार इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय रहती है। ऐसे में वहां प्रसारित होने वाली सूचनाएं सीधे युवाओं तक पहुंचती हैं।
मंत्रियों को सक्रिय रहने की सलाह
प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रामक तथ्य युवाओं को भ्रमित कर सकते हैं। ऐसे में सरकार के लिए सजग रहना जरूरी है। मंत्रियों को भी इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय रहना चाहिए और विभिन्न मुद्दों व विमर्श में भाग लेते हुए सही तथ्यों को लोगों के सामने रखना चाहिए। मंत्री अधिकृत व्यक्ति होते हैं, इसलिए उनके द्वारा साझा किए गए तथ्यों की विश्वसनीयता भी अधिक होती है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंत्रियों को खास तौर पर इंस्टाग्राम पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की सलाह दी थी। वह खुद भी इस प्लेटफॉर्म के जरिए जेन-जी से संवाद कर इसका संदेश दे चुके हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.