SL vs IND: भारत-श्रीलंका टेस्ट में भिड़ंत पड़ी भारी, जायसवाल-फर्नांडो पर ICC ने लगाया जुर्माना

HIGHLIGHTS
- दोनों खिलाड़ियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया
- मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी
- पिछले 24 महीनों में दोनों के खाते में कोई डिमेरिट अंक नहीं था
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सोमवार को भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट के पहले दिन हुई घटना को लेकर कार्रवाई की है। यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो, दोनों पर आईसीसी आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन के लिए उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही दोनों खिलाड़ियों को एक-एक डिमेरिट अंक भी दिया गया है। ICC के अनुसार, दोनों ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बनाई गई आचार संहिता के अनुच्छेद 2.12 का उल्लंघन किया। यह नियम किसी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी या अन्य व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से संबंधित है।
मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने प्रस्तावित की सजा
ICC ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने प्रस्तावित की थी। जायसवाल और फर्नांडो ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, इसलिए मामले में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। पिछले 24 महीनों में दोनों खिलाड़ियों के खाते में कोई डिमेरिट अंक भी नहीं था।
17वें ओवर में हुआ था विवाद
यह घटना कोलंबो टेस्ट के पहले दिन भारतीय पारी के 17वें ओवर में हुई थी। फर्नांडो ने तेज अंदर आती गेंद पर जायसवाल को बोल्ड किया था। इसके बाद भारतीय बल्लेबाज जब पवेलियन की ओर लौट रहे थे, तब ऐसा लगा कि उन्होंने गेंदबाज की कोई बात सुनी। इसके बाद जायसवाल वापस मुड़े और फर्नांडो से भिड़ गए। दोनों के बीच तीखी बहस हुई और इसी दौरान दोनों के सिर आपस में टकरा गए। हालांकि, श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने तुरंत बीच में आकर दोनों को अलग कर दिया।
हर्षा भोगले की सलाह पर जायसवाल का जवाब
घटना के बाद कमेंटेटर हर्षा भोगले ने एक इंस्टाग्राम वीडियो में कहा था कि जायसवाल को आउट होने के बाद सीधे पवेलियन चले जाना चाहिए था। इस पर जायसवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, 'अगर आपको पता नहीं है कि उसने क्या कहा था, तो कृपया अपना फैसला न सुनाएं। अगर कोई सीमा लांघता है, तो हमें उसे यह बताना होगा कि भारत लड़ेगा और जवाब देगा।'
सितांशु कोटक ने भी मानी थी गलती
भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने पहले ही कहा था कि यह घटना मैच की गहमा-गहमी में हुई हो सकती है, लेकिन जायसवाल को फर्नांडो के इतने करीब नहीं जाना चाहिए था। उन्होंने कहा था, 'मुझे लगता है कि उन्होंने उससे कुछ कहा होगा और यह सब मैच की गर्मी में हुआ होगा। जाहिर तौर पर, मुझे नहीं लगता कि जायसवाल को फर्नांडो के इतने करीब जाना चाहिए था, लेकिन हीट ऑफ द मोमेंट में ऐसा हो जाता है।'
अब ICC की कार्रवाई के बाद दोनों खिलाड़ियों पर मामला खत्म हो गया है, क्योंकि दोनों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.