सिरमौर में बड़ा हादसा टला, जलमूसा खड्ड में फंसे 25 लोगों को किया गया रेस्क्यू

HIGHLIGHTS
- रेस्क्यू अभियान में छह महीने की बच्ची समेत बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को बचाया गया।
- पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने जलस्तर कम होने का इंतजार कर शुरू किया बचाव कार्य।
- एनडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया और स्टैंडबाय पर रखा गया।
सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में लगातार जारी भारी बारिश के बीच कटासन के पास जलमूसा खड्ड में अचानक पानी का स्तर बढ़ गया। इसके चलते चार गुज्जर परिवारों के करीब 25 लोग नदी के बीच फंस गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस, होमगार्ड, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमों ने लगभग तीन घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
नाहन पुलिस के मुताबिक मंगलवार को भूपेंद्र कुमार ने थाना सदर नाहन को सूचना दी कि कटासन क्षेत्र में जलमूसा खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ गया है और चार गुज्जर परिवारों के करीब 25 लोग पानी के बीच फंस गए हैं। सूचना मिलते ही थाना सदर नाहन के प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा फायर ब्रिगेड की टीम और तहसीलदार पांवटा साहिब भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
एनडीआरएफ को भी बुलाया गया, जवानों ने जोखिम उठाकर बचाई जान
रेस्क्यू अभियान को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी तुरंत बुलाया गया और उसे स्टैंडबाय पर रखा गया। पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।
करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान में जवानों ने पहले जलस्तर कम होने का इंतजार किया। स्थिति अनुकूल होते ही अपनी जान की परवाह किए बिना एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए बचाव अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।
25 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
रेस्क्यू किए गए लोगों में छह महीने की बच्ची से लेकर 45 वर्ष तक के पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। बचाए गए लोगों में गामी (40), भुरा (45), अम्बो (35), जाफर (39), सदम (18), शमशाद (17), मन्जुर (36), सेफ (28), लयाक्त (27), बिनु (25), हाजरा (37), हुरन (40), आशु (20), खतीजा (11), सुहाना (15), जतुन (12), इरशाद (5), दिलशाद (6), ईरशाद (3), शबीना (डेढ़ वर्ष), इकरा (6 माह), जाफर (10), अब्दुल (15), नानकी (45) और एक अन्य सदस्य शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.