मिर्जापुर: महिला ने तीन बच्चों को जहर देकर खुद भी खाया जहर

HIGHLIGHTS
- मड़िहान के परसौना गांव में महिला ने तीन बच्चों को जहर देने के बाद खुद भी जहर खा लिया।
- हादसे में महिला और दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बेटी का इलाज वाराणसी में जारी है।
- शुरुआती जांच में पति-पत्नी के विवाद और दूसरी शादी के शक को वजह बताया जा रहा है।
मिर्जापुर: जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला ने कथित तौर पर अपने तीन बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। इस घटना में महिला समेत उसके एक बेटे और एक बेटी की मौत हो गई, जबकि एक बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है।
गंभीर रूप से बीमार चारों को परिजनों ने आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान महिला कुसुम (38) और उसकी बेटी राधिका (10) की मौत हो गई।
इसके बाद गंभीर हालत में दो बच्चों को वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान बेटे सत्या (8) ने भी दम तोड़ दिया। वहीं बेटी मधु (12) का इलाज अभी जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पति से विवाद के बाद उठाया कदम
मृतका के भाई छोटू के मुताबिक, कुसुम संतनगर थाना क्षेत्र के कुसुम्हा गांव की रहने वाली थी। उसके पति धर्मेंद्र दिल्ली में रहते हैं। करीब चार दिन पहले वह घर आए थे।
छोटू ने बताया कि कुसुम को शक था कि धर्मेंद्र ने दूसरी शादी कर ली है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। 12 जुलाई को मायके शीतलगढ़ में पूर्व ग्राम प्रधान के घर दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया था। तय हुआ था कि धर्मेंद्र अगले दिन कुसुम को अपने साथ ले जाएंगे।
आरोप है कि सोमवार को धर्मेंद्र घर आए, लेकिन कुसुम को साथ लेकर नहीं गए। इससे वह काफी आहत हो गई और उसने यह कदम उठा लिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.