नरेला: जिम से बाहर निकलते ही प्रॉपर्टी डीलर पर बरसी गोलियां, मौके पर मौत

HIGHLIGHTS
- जिम से बाहर निकलते ही बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग की।
- गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
- पुलिस को रंगदारी और जान से मारने की धमकी की जानकारी मिली।
नरेला के बांकनेर गांव में बृहस्पतिवार सुबह जिम के बाहर बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हरियाणा के राई विधानसभा क्षेत्र के नहरिया गांव निवासी प्रमोद कुमार के तौर पर हुई है। वह सुबह गांव से जिम करने के लिए आए थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाश कई दिनों से उन्हें रंगदारी के लिए धमका रहे थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के रिश्तेदार और दोस्त हंगामा कर रहे हैं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रमोद कुमार का मुकुल प्रॉपर्टी के नाम से कार्यालय है और गांव में उनका एक बैंक्वेट हाल भी है। वह सुबह करीब छह बजे जिम पहुंचे थे। जिम से बाहर निकलते ही बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
गंभीर रूप से घायल प्रमोद कुमार को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पिछले कुछ दिनों से मृतक से रंगदारी मांगी जा रही थी और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इसके बाद वह नरेला के एक दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी से आने-जाने लगे थे।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.