चुनाव लड़ने की मोहमाया नहीं, कांग्रेस की सरकार बनाना लक्ष्य: हरक सिंह रावत

HIGHLIGHTS
- हरक सिंह रावत ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में अपनी स्थिति स्पष्ट की।
- उन्होंने कहा कि टिकट केवल जीतने की क्षमता रखने वाले दावेदार को मिलना चाहिए।
- सहसपुर सीट पर दूसरे सक्षम दावेदार को टिकट देने का भी समर्थन किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि विधानसभा चुनाव लड़ने और विधायक बनने की उन्हें कोई मोहमाया नहीं है। उनकी एक ही इच्छा है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने।
हरक सिंह रावत ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि जो दावेदार चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं है, उसे टिकट का मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि हरक सिंह भी चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं है तो पार्टी को उन्हें भी टिकट नहीं देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ना और विधायक बनना उनका मकसद नहीं है, बल्कि उनकी एक ही मोहमाया है कि कांग्रेस की सरकार बने।
हरक ने कहा कि सहसपुर सीट पर पार्टी को लगे कि हरक सिंह के अलावा भी कोई अन्य व्यक्ति जीतने की क्षमता रखता है तो उसे टिकट दिया जाना चाहिए। आगामी चुनाव के लिए हर विधानसभा में पांच से 10 दावेदार हैं। वर्तमान में कांग्रेस के 20 विधायक हैं, जबकि 50 सीटों पर कांग्रेस नहीं है।
उन्होंने चुनाव जीतने की थ्योरी भी साझा की। हरक सिंह रावत ने कहा कि चुनाव में 25 प्रतिशत पार्टी की हवा होती है। वहीं, 25 प्रतिशत चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी के व्यक्तित्व, 25 प्रतिशत सामाजिक तानाबाना और जातीय समीकरण तथा 25 प्रतिशत आर्थिक क्षमता पर निर्भर करता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.