दिल्ली एयरपोर्ट पर 7.9 किलो से ज्यादा गांजा और हाइड्रोपोनिक वीड बरामद, दो महिलाएं गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- दोनों महिला यात्री बैंकाक से अलग-अलग उड़ानों के जरिए दिल्ली पहुंची थीं।
- पहली महिला को एअर इंडिया की उड़ान AI 2333 से उतरने के बाद टर्मिनल-3 पर रोका गया।
- पहली महिला के सामान से दो पॉलिथीन पैकेटों में 2,996 ग्राम गांजा मिला।
दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बैंकाक से आईं दो भारतीय महिला यात्रियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 7.9 किलोग्राम से अधिक गांजा और हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की गई है।
दोनों महिलाएं अलग-अलग उड़ानों से दिल्ली पहुंची थीं। कस्टम विभाग ने मादक पदार्थों को जब्त कर दोनों महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पहले मामले में 2,996 ग्राम गांजा बरामद
पहले मामले में एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI 2333 से बैंकाक से दिल्ली पहुंची एक महिला यात्री को टर्मिनल-3 पर ग्रीन चैनल पार करते समय संदेह के आधार पर रोका गया। उसके सामान की एक्स-रे जांच और तलाशी के दौरान दो पॉलिथीन पैकेट मिले। इनमें 2,996 ग्राम संदिग्ध गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद महिला यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरी महिला के पास से 4,918.5 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड मिली
दूसरे मामले में 18 अक्टूबर को थाई एयरवेज की उड़ान संख्या TG 315 से बैंकाक से दिल्ली पहुंची एक अन्य भारतीय महिला यात्री को ग्रीन चैनल पर रोका गया। उसके बेज रंग के ट्रॉली बैग की एक्स-रे जांच और तलाशी के दौरान पांच पॉलिथीन पैकेट मिले। इनमें कुल 4,918.5 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई।
इस मामले में महिला को 19 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। कस्टम विभाग दोनों मामलों की जांच कर रहा है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि बरामद मादक पदार्थ भारत में किसे पहुंचाए जाने थे और क्या दोनों महिलाएं किसी अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हुई थीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.