PhonePe का बड़ा ऐलान, अब बिना इंटरनेट फीचर फोन से भी कर सकेंगे UPI पेमेंट

HIGHLIGHTS
- PhonePe ने UPI 123Pay सर्विस लॉन्च करने का ऐलान किया है।
- यह सुविधा खास तौर पर फीचर फोन यूजर्स के लिए तैयार की गई है।
- SMS आधारित आर्किटेक्चर के जरिए पेमेंट की सुविधा मिलेगी।
नई दिल्ली। डिजिटल पेमेंट को देश के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए PhonePe ने एक बड़ी पहल की है। कंपनी ने भारत में PhonePe UPI 123Pay सर्विस लॉन्च करने का ऐलान किया है। इस सुविधा की खासियत यह है कि फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लोग बिना इंटरनेट के भी UPI पेमेंट कर सकेंगे।
इस नई सर्विस के जरिए करोड़ों लोगों को डिजिटल भुगतान की सुविधा मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सुविधा भारत में 20 करोड़ से अधिक फीचर फोन यूजर्स तक पहुंच सकती है।
PhonePe UPI 123Pay कैसे काम करेगा?
PhonePe UPI 123Pay को कंपनी की विशेष तकनीक और SMS आधारित आर्किटेक्चर के साथ तैयार किया गया है। इसका मकसद ऐसे क्षेत्रों में भी भरोसेमंद डिजिटल पेमेंट सुविधा उपलब्ध कराना है, जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर है या केवल सीमित 2G नेटवर्क मिलता है।
यानी इंटरनेट डेटा खत्म होने या स्मार्टफोन उपलब्ध न होने की स्थिति में भी फीचर फोन के जरिए UPI पेमेंट करना आसान होगा।
किन फीचर फोन में मिलेगी सुविधा?
PhonePe ने इस सर्विस को उपलब्ध कराने के लिए कई मोबाइल फोन कंपनियों के साथ साझेदारी की है। इनमें Nokia, HMD, Lava International और itel जैसी कंपनियां शामिल हैं। कुछ चुनिंदा फीचर फोन में यह सुविधा पहले से उपलब्ध कराई जाएगी।
PhonePe UPI 123Pay से क्या कर सकेंगे?
PhonePe की इस नई सुविधा के जरिए फीचर फोन यूजर्स कई जरूरी डिजिटल पेमेंट सेवाओं का इस्तेमाल कर पाएंगे। इनमें किसी व्यक्ति को पैसे भेजना यानी P2P ट्रांसफर, दुकानदार या व्यापारी को भुगतान करना यानी P2M पेमेंट और कैमरा वाले फीचर फोन से QR Code के जरिए पेमेंट करना शामिल है।
इसके अलावा यूजर्स अपने बैंक अकाउंट और बैलेंस की जानकारी देख सकेंगे और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री भी चेक कर पाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.