उत्तराखंड के युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने की तैयारी, CM धामी ने कौशल-भाषा प्रशिक्षण पर दिया जोर

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री आवास पर तीन देशों में तैनात भारतीय राजनयिकों ने CM धामी से मुलाकात की।
- बैठक में कुशल मानव संसाधन की मांग और रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
- संबंधित भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय रखने के निर्देश दिए गए।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के युवाओं को दुनिया के अलग-अलग देशों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए वहां की जरूरतों के अनुसार कौशल और भाषा प्रशिक्षण देने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री आवास पर जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान संबंधित देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की मांग और उत्तराखंड के युवाओं के लिए मौजूद अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन देशों में कुशल मानव संसाधन की जरूरत अधिक है और रोजगार की बेहतर संभावनाएं मौजूद हैं, वहां की जानकारी हासिल करने के लिए संबंधित भारतीय मिशनों के साथ नियमित संपर्क और समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और वहां की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राज्य के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ जरूरी भाषाओं की भी जानकारी दी जाए, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने होम स्टे के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। विभिन्न देशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के होम स्टे मॉडल से परिचित कराने के लिए उन्हें होम स्टे का दौरा कराया जा सकता है। उन्होंने फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस के क्षेत्र में उत्तराखंड की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए भी प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। वैश्विक मांग के अनुरूप उन्हें जरूरी कौशल और प्रशिक्षण देकर बेहतर रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विभिन्न देशों में कुशल मानव संसाधन की मांग और रोजगार की संभावनाओं का आकलन करते हुए युवाओं के प्रशिक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
जाम्बिया में शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में अवसर
जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने बताया कि वहां कुशल मानव संसाधन की काफी जरूरत है। शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में काम करने के कई अवसर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जाम्बिया में जिन क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता है, उनकी जानकारी से जुड़ा विस्तृत नोट राज्य सरकार को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने इस दिशा में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
जमैका में नर्सिंग और पर्यटन क्षेत्र में मांग
जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी ने बताया कि वहां पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि के क्षेत्रों में रोजगार की कई संभावनाएं हैं। खास तौर पर नर्सिंग के क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग है। इन क्षेत्रों की जरूरत के अनुसार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकता है।
इथियोपिया में प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स में अवसर
इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम ने बताया कि वहां प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में काम करने के कई अवसर हैं। इसके अलावा फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्रों में भी बेहतर संभावनाएं उपलब्ध हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.