मामी से प्रेम के विरोध में मामा की हत्या की साजिश, तमंचे के साथ 22 वर्षीय भांजा गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- आरोपी की उम्र 22 वर्ष बताई गई है और वह बुक स्टॉल संचालक है।
- पुलिस के मुताबिक, मामी से करीब दो साल से प्रेम संबंध था।
- मामा के साथ विवाद के बाद आरोपी ने हत्या की साजिश रची।
कानपुर। मामी से प्रेम संबंध के विरोध में मामा की हत्या के लिए तमंचा खरीदने वाला 22 वर्षीय भांजा शनिवार दोपहर पुलिस की चेकिंग में गिरफ्तार हो गया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। आरोप है कि वह मामा के घर पहुंचकर उन्हें धमकाने के बाद लौट रहा था, तभी चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया।
फतेहपुर के बिंदकी निवासी युवक बुक स्टॉल संचालक है। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक, युवक का अपने तीसरे नंबर के मामा की पत्नी से करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। कुछ दिन पहले मामा ने अपनी पत्नी को भांजे से फोन पर बात करते पकड़ लिया। इसकी जानकारी भांजे को होने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई।
14 अगस्त को एक बार फिर मामा-मामी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में मामा ने भांजे को कुल्हाड़ी से काट डालने की धमकी दी। मामी ने फोन कर इसकी जानकारी भांजे को दी।
डीसीपी के अनुसार, इसके बाद भांजे ने मामा को रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने रामादेवी चौराहे के पास एक युवक से 15 हजार रुपये में तमंचा और कारतूस खरीदे। अपनी लोकेशन छिपाने के लिए मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिया। इसके बाद बिना नंबर की बाइक से सरसौल स्थित मामा के घर पहुंचा।
आरोप है कि हत्या की नीयत से उसने मामा पर तमंचा तान दिया, लेकिन उसके हाथ कांपने लगे। इसके बाद उसने मामा को मामी को दोबारा परेशान करने पर जान से मारने की धमकी दी। मामी के कहने पर भांजा वहां से निकल गया।
इसके बाद वह कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर पहुंचा। नवोदय कट के पास चेकिंग कर रही पुलिस ने उसे रोका तो वह हड़बड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। एक गोली तमंचे में फंसी मिली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.