मथुरा में बच्चे के अपहरण की सूचना से मचा हड़कंप, जांच में सामने आया पारिवारिक विवाद

HIGHLIGHTS
- रविवार शाम बलदेवगंज इलाके में हुई घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी।
- पुलिस जांच में सामने आया कि मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा हुआ है।
- बच्चे की मां ने पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई, पुलिस कानूनी कार्रवाई की जांच कर रही है।
यूपी के मथुरा के व्यस्त बलदेवगंज इलाके में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला के साथ जा रहे 8 साल के बच्चे को एक कार सवार युवक जबरन अपने साथ ले गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना को देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए और उन्होंने इसे अपहरण की घटना समझते हुए पुलिस को सूचना दे दी।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 6 बजे कस्बे की रहने वाली एक महिला अपने 8 वर्षीय बेटे और भतीजी के साथ बाजार से वापस लौट रही थी।
इसी दौरान कार के पास खड़े एक युवक ने अचानक महिला के पास से बच्चे को खींच लिया और जबरन कार में बैठाकर वहां से चला गया। इस घटना के बाद इलाके में डर और चर्चा का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में सामने आई अलग कहानी
बच्चे के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान घटना को लेकर बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, बच्चे को ले जाने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उसका सगा पिता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह मामला किसी आपराधिक वारदात का नहीं, बल्कि पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है।
13 साल पहले हुई थी शादी, लंबे समय से चल रहा विवाद
पुलिस के मुताबिक, महिला की शादी करीब 13 साल पहले हरियाणा के बल्लभगढ़ निवासी युवक से हुई थी। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसके कारण महिला कुछ समय से पति से अलग रह रही थी।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति अचानक वहां पहुंचा और दबाव बनाते हुए बच्चे को उसकी इच्छा के खिलाफ अपने साथ ले गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद बच्चे की मां ने अपने पति के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले को लेकर सीओ भूषण वर्मा ने बताया, "पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी है। महिला की ओर से थाने में तहरीर दी गई है, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.