लखनऊ जेल में श्रद्धा दुबे की ब्लैक कॉफी की डिमांड खारिज, नहीं मिला वीआईपी ट्रीटमेंट

HIGHLIGHTS
- श्रद्धा दुबे की शुगर फ्री ब्लैक कॉफी की मांग जेल प्रशासन ने ठुकराई।
- श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि को सामान्य महिला बैरक में शिफ्ट किया गया।
- जेल में तीनों आरोपियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
लखनऊ : कारोबारी और लिव-इन पार्टनर शिवा शर्मा की हत्या के आरोप में लखनऊ जिला कारागार में बंद श्रद्धा दुबे को जेल में भी अपनी पसंद की सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। रविवार सुबह उसने शुगर फ्री ब्लैक कॉफी की मांग की, लेकिन जेल प्रशासन ने इसे अस्वीकार कर दिया।
मॉडल श्रद्धा दुबे को उसकी बहन रश्मि के साथ 45 महिला कैदियों वाली बैरक में रखा गया है। लगातार सफर और थकान का हवाला देते हुए श्रद्धा ने चाय के बजाय ब्लैक कॉफी पीने की इच्छा जताई थी। हालांकि, जेल प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि उसे जेल मैनुअल के अनुसार ही सुविधाएं मिलेंगी। अब श्रद्धा और रश्मि को अन्य कैदियों की तरह जेल के नियमों और निर्धारित दिनचर्या का पालन करना पड़ रहा है।
सामान्य महिला बैरक में शिफ्ट होने के बाद बेचैन दिखीं दोनों बहनें
क्वारंटीन बैरक से सामान्य महिला कैदियों के बीच भेजे जाने के बाद श्रद्धा और रश्मि दुबे जेल में दूसरे दिन काफी बेचैन नजर आईं। दोनों बहनों ने आपस में काफी देर तक बातचीत की, लेकिन किसी अन्य कैदी से बात नहीं की।
लग्जरी कारों में घूमने और पांच सितारा होटलों में रहने वाली श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर अब गोसाईगंज स्थित जिला कारागार में बंद हैं। गुरुवार को जेल भेजे जाने के बाद दोनों बहनों ने एक दिन क्वारंटीन में बिताया। इसके बाद शुक्रवार को उन्हें 45 महिला कैदियों की क्षमता वाली सामान्य बैरक में शिफ्ट कर दिया गया।
जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी के मुताबिक, श्रद्धा सामान्य बंदियों की तरह रह रही है। श्रद्धा, उसकी बहन और चालक को जेल के निर्धारित नियमों के तहत ही रहना होगा। तीनों आरोपियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और उन्हें जेल मैनुअल के अनुसार सुविधाएं दी जा रही हैं।
फर्श पर बिछी दरी पर सोने को मजबूर दोनों बहनें
मुलायम गद्दों पर सोने की आदी श्रद्धा दुबे को अब जेल में फर्श पर बिछी दरी पर रात गुजारनी पड़ रही है। श्रद्धा और रश्मि की रातें करवटें बदलते बीत रही हैं। पांच और सात सितारा होटलों में रात बिताने की आदी श्रद्धा को जेल की पथरीली जमीन पर नींद नहीं आ रही है। मच्छरों के काटने से भी दोनों बहनों को परेशानी हो रही है।
पुलिस वेरिफिकेशन के बाद ही श्रद्धा से मिल सकेंगे लोग
शिवा शर्मा की हत्या के मामले में मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे से जेल में मुलाकात करना अब आसान नहीं होगा। जेल प्रशासन ने मुलाकात के लिए नियम सख्त कर दिए हैं। अब श्रद्धा से मिलने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहले पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाएगा।
जेल प्रशासन के अनुसार, पुलिस जांच पूरी होने और रिपोर्ट स्पष्ट आने के बाद ही मुलाकात की अनुमति दी जाएगी।
जेल में बंद होने के बावजूद एक्टिव है सोशल मीडिया प्रोफाइल
शिवा शर्मा की हत्या के आरोप में जेल में बंद श्रद्धा दुबे की सोशल मीडिया प्रोफाइल अब भी एक्टिव है। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर फॉलोअर्स की संख्या बढ़ रही है, जबकि वह जिन लोगों को फॉलो करती है, उनकी संख्या में कमी आ रही है।
इस स्थिति के बाद सवाल उठ रहे हैं कि श्रद्धा का सोशल मीडिया अकाउंट कहां से और कौन संचालित कर रहा है।
9 अक्टूबर को हुई थी शिवा शर्मा की मौत
शिवा शर्मा की 9 अक्टूबर को हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। वह पिछले चार महीने से श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
शिवा का शव सड़क पर मिला था। उस समय उसके शरीर पर केवल अंडरवियर था। उसके चेहरे और पूरे शरीर पर लिपस्टिक के निशान थे। इसके अलावा शरीर पर कई जगह सिगरेट से जलाने के निशान भी मिले थे।
शिवा की मां रंजना शर्मा ने उसकी मौत के मामले में श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि श्रद्धा ने ही शिवा को चौथी मंजिल से धक्का दिया था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.