'सपा का आचरण सदन की गरिमा के खिलाफ', विधानसभा हंगामे पर सीएम योगी ने विपक्ष को घेरा

HIGHLIGHTS
- विधानसभा की कार्यवाही हंगामे के बीच बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
- सीएम योगी ने नियम 59 का हवाला देते हुए लंबित मामलों पर चर्चा को लेकर सवाल उठाए।
- योगी ने अयोध्या राम मंदिर से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए विपक्ष के रुख की आलोचना की।
लखनऊ। यूपी विधानसभा की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है। मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को भी सदन में जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की।
कार्यवाही स्थगित होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत की और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा का व्यवहार विधानसभा की गरिमा और मर्यादा के अनुरूप नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "सपा और विपक्ष का आचरण आज पूरे प्रदेश ने विधानसभा में देखा है। यह आचरण न केवल सदन की अवमानना है, बल्कि अलोकतांत्रिक और शर्मनाक भी है।"
सीएम योगी ने कहा कि सदन नियमों और परंपराओं के आधार पर संचालित होता है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्रक्रिया और संचालन नियमावली के नियम 59 के तहत यह प्रावधान है कि जो विषय किसी न्यायाधिकरण या आयोग के समक्ष लंबित हो, उस पर सदन में चर्चा नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि विशेष परिस्थितियों में यदि विधानसभा अध्यक्ष को लगता है कि चर्चा से जांच प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी, तो वह इसकी अनुमति दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, "अयोध्या राम मंदिर से संबंधित मामला अदालत में लंबित है। पूरे प्रकरण की गंभीरता को समझते हुए भी इन्होंने न केवल सदन की अवमानना की, बल्कि सदन का अपमान किया और न्यायालय में लंबित प्रक्रिया को भी अपमानित करने का शर्मनाक प्रयास किया गया।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.