फोन पर घंटों गेम खेलने की आदत ने शकीला को पहुंचाया अस्पताल, करानी पड़ी सर्जरी

HIGHLIGHTS
- शकीला ने अपने यूट्यूब व्लॉग में फोन के ज्यादा इस्तेमाल का अनुभव साझा किया।
- एक्ट्रेस के मुताबिक वह बेड पर लेटकर घंटों मोबाइल गेम खेलती थीं।
- गेम के अलावा रील्स, यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर भी काफी समय बिताती थीं।
नई दिल्ली। आज के दौर में मोबाइल फोन लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है। सोने से लेकर खाने, गेम खेलने और रील्स देखने तक लोग घंटों फोन में व्यस्त रहते हैं। लेकिन लगातार फोन के इस्तेमाल का असर सेहत पर भी पड़ सकता है। साउथ एक्ट्रेस शकीला ने अपने साथ हुई ऐसी ही घटना के बारे में बताया है, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा और सर्जरी करानी पड़ी।
मोबाइल पर गेम खेलने की थी आदत
शकीला ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक व्लॉग शेयर किया, जिसमें उन्होंने फोन के अधिक इस्तेमाल से अपनी सेहत पर पड़े असर के बारे में बात की। एक्ट्रेस ने कहा कि फोन का इस्तेमाल जरूरी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा इसका इस्तेमाल नुकसानदायक हो सकता है।
उन्होंने बताया कि वह बेड के किनारे लेटकर लगातार चार-चार घंटे तक मोबाइल पर गेम खेलती रहती थीं। वह केवल चाय या कॉफी पीने के लिए उठती थीं। चाय खत्म करने के बाद दोबारा गेम खेलने लगती थीं। इसके अलावा रील्स देखने और यूट्यूब व इंस्टाग्राम चलाने में भी वह घंटों समय बिताती थीं।
शकीला के मुताबिक, गलत तरीके से और जरूरत से ज्यादा समय तक फोन इस्तेमाल करने की वजह से उनके गले की नसें प्रभावित हुईं और उन्हें ऑपरेशन कराना पड़ा।
3 लाख रुपये में हुई सर्जरी
शकीला ने बताया कि उनकी सर्जरी चेन्नई के मेडवे अस्पताल में हुई। उनकी सर्जरी डॉ. बालामुरुगन ने की। डॉक्टर ने उन्हें रिकवरी होने तक नेक कॉलर पहनने की सलाह दी है।
एक्ट्रेस ने लोगों को फोन का इस्तेमाल केवल जरूरत के मुताबिक करने की सलाह दी। उन्होंने फालतू वीडियो देखने से बचने की अपील करते हुए कहा कि जरूरत से ज्यादा फोन इस्तेमाल करने पर आर्थिक नुकसान के साथ दर्द भी झेलना पड़ सकता है।
शकीला के करियर की बात करें तो उन्होंने 1995 में तमिल फिल्म 'प्लेगर्ल्स' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इस फिल्म में सिल्क स्मिता भी नजर आई थीं। हालांकि, उनके करियर को पहचान साल 2000 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म 'किन्नारा थुम्बिकल' से मिली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.