UP: AKTU में प्रवेश के लिए सातवें चरण की काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी, 31 अगस्त तक मिलेगा मौका

HIGHLIGHTS
- AKTU से जुड़े संस्थानों में करीब 74 हजार सीटें अभी खाली हैं।
- पांच चरणों की काउंसिलिंग में अब तक 25 हजार छात्रों का प्रवेश हुआ है।
- छठे चरण में 30 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।
प्रदेश के इंजीनियरिंग संस्थानों में खाली सीटों को भरने के लिए छात्रों को बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से जुड़े संस्थानों में प्रवेश की तारीख 31 अगस्त तक बढ़ा दी है। इसके बाद विश्वविद्यालय एक और विशेष चरण की काउंसिलिंग कराएगा। फिलहाल प्रवेश के लिए करीब 74 हजार सीटें खाली हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से अब तक पांच चरणों की प्रवेश काउंसिलिंग कराई जा चुकी है, जिसमें 25 हजार प्रवेश हुए हैं। वहीं छठे चरण की प्रवेश प्रक्रिया अभी जारी है। इसमें 30 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं और 22 हजार से ज्यादा छात्रों ने चॉइस फिलिंग की है।
छठे चरण में चॉइस फिलिंग 16 अगस्त तक चलेगी। इसके बाद 18 अगस्त को सीट एलॉटमेंट होगा, जबकि 19 से 21 अगस्त तक फिजिकल रिपोर्टिंग की जाएगी।
12वीं पास छात्रों को सीधे प्रवेश का मौका
इसी क्रम में विश्वविद्यालय ने सातवें चरण की प्रवेश काउंसिलिंग का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। इस चरण के लिए रजिस्ट्रेशन 19 से 23 अगस्त तक होंगे। फीस जमा करने की प्रक्रिया 19 से 26 अगस्त तक चलेगी। चॉइस फिलिंग 23 से 26 अगस्त तक होगी और 27 अगस्त को सीट एलॉटमेंट किया जाएगा। इसके बाद 29 से 31 अगस्त तक फिजिकल रिपोर्टिंग होगी।
इस चरण में जेईई, सीयूईटी यूजी और इसके बाद 12वीं पास छात्रों को सीधे प्रवेश का अवसर मिलेगा।
एकेटीयू के कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट से प्रवेश के लिए 15 सितंबर तक अनुमति मिली है। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय ने छात्रों को प्रवेश का एक और अवसर देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि इन दो विशेष चरणों में अपेक्षित संख्या में प्रवेश होने की उम्मीद है। इससे छात्रों को भी बेहतर प्रवेश विकल्प मिल सकेगा। विश्वविद्यालय ने सातवें चरण की काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.