मुजफ्फरनगर। सोमवती अमावस्या के अवसर पर शुक्रताल तीर्थस्थल में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने थाना भोपा क्षेत्र स्थित शुक्रताल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

एसपी ग्रामीण ने कहा कि सोमवती अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए शुक्रताल पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस बल को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान घाटों की बैरिकेडिंग, प्रमुख मार्गों की स्थिति और पार्किंग स्थलों का भी बारीकी से आकलन किया गया। साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय मजबूत कर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि इस मौके पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में धार्मिक अनुष्ठान कर सकें और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।