नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो देशों के यूरोपीय दौरे के दूसरे चरण में रविवार को स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका अभिनंदन किया, जबकि स्थानीय सांस्कृतिक समूहों ने भारतीय और स्लोवाक परंपराओं की झलक पेश कर कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री के स्वागत के दौरान स्थानीय कलाकारों ने ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति देकर माहौल को भारतीय रंग में रंग दिया। ‘लुसनिका एन्सेम्बल’ के युवा कलाकारों ने इस प्रस्तुति से प्रधानमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा स्लोवाकिया के म्यावा क्षेत्र के प्रसिद्ध बाल लोक-नृत्य समूह ‘कोपानिसियारिक’ ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्य प्रस्तुत किया।

स्वागत समारोह में स्लोवाक संस्कृति की एक खास परंपरा भी देखने को मिली। प्रधानमंत्री मोदी का पारंपरिक तरीके से ब्रेड और नमक भेंट कर अभिनंदन किया गया, जिसे वहां सम्मान, सद्भावना और मेहमाननवाजी का प्रतीक माना जाता है। एक स्थानीय संगीत समूह ने ‘महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट’ की आध्यात्मिक प्रस्तुति भी दी, जिसे प्रधानमंत्री ने सराहा।

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे विभिन्न उद्योग और व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से भी संवाद करेंगे। दोनों देशों के बीच आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है।

साल 1993 में चेकोस्लोवाकिया के विभाजन के बाद बने स्वतंत्र स्लोवाकिया का दौरा करने वाले नरेंद्र मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस ऐतिहासिक यात्रा को भारत और स्लोवाकिया के रिश्तों में एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।

मजबूती देने और सहयोग के नए अवसर तलाशने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री फिको के साथ होने वाली बैठकों को लेकर उत्साह भी जताया।

प्रधानमंत्री इससे पहले फ्रांस के नीस शहर में विभिन्न कार्यक्रमों और द्विपक्षीय बैठकों में शामिल हुए थे। स्लोवाकिया यात्रा के बाद वे एक बार फिर फ्रांस लौटेंगे, जहां जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ-साथ कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे पेरिस में आयोजित होने वाले यूरोप के प्रमुख प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप कार्यक्रम VivaTech 2026 में भी भाग लेंगे।