भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने अपने करियर का नया अध्याय शुरू किया है। वह पहली बार किसी पेशेवर टीम के साथ बतौर हेड कोच जुड़े हैं। दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग SA20 के आगामी सत्र में उन्हें प्रिटोरिया कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।
फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर गांगुली का स्वागत करते हुए लिखा कि ‘कोलकाता के प्रिंस’ के लिए यह एक नई शुरुआत है और हमें उन्हें हेड कोच के रूप में शामिल कर खुशी हो रही है। गांगुली की नियुक्ति इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट के पद छोड़ने के तुरंत बाद हुई है।
गांगुली ने हाल ही में भारतीय टीम का कोच बनने की इच्छा भी जताई थी और अब यह जिम्मेदारी उनके लिए बड़े अनुभव का अवसर मानी जा रही है। क्रिकेट जगत में उनका योगदान किसी परिचय का मोहताज नहीं है। कप्तान के तौर पर भारतीय टीम को नई दिशा देने के साथ उन्होंने बीसीसीआई अध्यक्ष रहते हुए भी अहम भूमिका निभाई। आईपीएल और डब्ल्यूपीएल में वह दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक रह चुके हैं।
चुनौती होगी टीम को पटरी पर लाना
SA20 का नया सीजन 26 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक खेला जाएगा। गांगुली के सामने बड़ी चुनौती होगी कि वह प्रिटोरिया कैपिटल्स को पिछले साल के निराशाजनक प्रदर्शन से उबारकर खिताब की दौड़ में वापस लाएं। टीम ने शुरुआती सीजन में फाइनल तक जगह बनाई थी, लेकिन 2025 में उसका प्रदर्शन बेहद खराब रहा था।