अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2027 पुरुष वनडे विश्व कप के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। यह बड़ा टूर्नामेंट 4 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 के बीच दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, इस कार्यक्रम पर मई में अहमदाबाद में हुई ICC बोर्ड बैठक में सहमति बन चुकी थी, जबकि इसे अंतिम मंजूरी जुलाई में एडिनबर्ग में होने वाली वार्षिक आम बैठक (AGM) में दी जाएगी।
सबसे ज्यादा मैच दक्षिण अफ्रीका में
सूत्रों के मुताबिक, कुल 54 मुकाबलों में से लगभग 41 मैच दक्षिण अफ्रीका के आठ अलग-अलग स्टेडियमों में खेले जाएंगे। जिम्बाब्वे को 8 से 10 मैचों की मेजबानी मिलने की संभावना है, जबकि नामीबिया में 3 मैच आयोजित किए जाएंगे।
जिम्बाब्वे में हरारे स्पोर्ट्स क्लब, क्वींस स्पोर्ट्स क्लब (बुलावायो) के साथ-साथ विक्टोरिया फॉल्स को भी एक नए वेन्यू के रूप में शामिल किया गया है। यहां फाले मोसी-ओआ-टुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य इसी साल पूरा होने की उम्मीद है।
24 साल बाद अफ्रीका में ODI वर्ल्ड कप
यह पहली बार होगा जब 2003 के बाद पुरुष वनडे विश्व कप अफ्रीका में आयोजित किया जाएगा। हालांकि दक्षिण अफ्रीका पहले भी 2007 टी20 विश्व कप, 2009 चैंपियंस ट्रॉफी और 2023 महिला टी20 विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंटों की सफल मेजबानी कर चुका है।
14 टीमों के साथ वापसी
2027 वनडे विश्व कप में एक बार फिर 14 टीमें हिस्सा लेंगी। इससे पहले 2019 और 2023 संस्करणों में केवल 10-10 टीमों ने भाग लिया था।
टूर्नामेंट का प्रारूप
- 14 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा
- प्रत्येक ग्रुप में 7-7 टीमें होंगी
- दोनों ग्रुप की शीर्ष 3 टीमें सुपर सिक्स चरण में पहुंचेंगी
- इसके बाद नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे
मेजबान होने के कारण दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को सीधे प्रवेश मिलेगा, जबकि नामीबिया को क्वालिफाइंग प्रक्रिया से गुजरना होगा।