राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार को एक निर्माणाधीन साइट पर हुए हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। करणी विहार थाना क्षेत्र के गांधी पथ स्थित वैशाली नगर इलाके में काम के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिसकी चपेट में आकर तीन महिला श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को जल्दबाजी में एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन इलाज के दौरान तीनों महिलाओं ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान सुनीता देवी, आन्ती कुमारी और प्रतिभा कुमारी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए।
सूचना मिलने पर करणी विहार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
थानाधिकारी हवा सिंह के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी खिसकने से तीन महिला मजदूर उसके नीचे दब गई थीं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचाने में सफल नहीं हो सके। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।