नई दिल्ली। दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उत्तर प्रदेश सरकार और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने क्षेत्र के लिए गंभीर मौसम चेतावनी जारी करते हुए ‘सीवियर थंडरस्टॉर्म विद हैल (भीषण आंधी-तूफान और ओलावृष्टि)’ का अलर्ट जारी किया है।
अलर्ट के अनुसार अगले कुछ घंटों के भीतर दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद सहित आसपास के इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक यह प्रणाली पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से को प्रभावित कर रही है, जिसमें मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, मथुरा और आगरा जैसे जिले शामिल हैं। दिल्ली-NCR में भी अगले 2 से 3 घंटे बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं।
लोगों के लिए एडवाइजरी जारी
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि—
- सुरक्षित स्थानों या घर के अंदर ही रहें
- पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूरी बनाए रखें
- अनावश्यक यात्रा से बचें
- वाहन खुले स्थान पर पार्क न करें
- बिजली चमकने के दौरान खुले में मोबाइल या धातु की वस्तुओं का उपयोग न करें
क्या न करें (महत्वपूर्ण सावधानियां)
- पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें
- जलभराव या तेज बहाव वाली सड़कों से गुजरने की कोशिश न करें
- बच्चों और पालतू जानवरों को बाहर अकेला न छोड़ें