हरिद्वार में अभिनेता इमरान हाशमी की एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उस वक्त विवाद खड़ा हो गया जब सेट पर लगाए गए एक बोर्ड को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। शूटिंग के लिए बनाए गए रेस्टोरेंट सेट पर ‘कैफे एंड बार’ लिखा हुआ बोर्ड लगाया गया था, जिसे देखकर कुछ हिंदू संगठनों और तीर्थ पुरोहितों ने विरोध जताया।

विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि हरिद्वार एक धार्मिक और पवित्र नगरी है, जहां इस तरह के शब्दों का सार्वजनिक रूप से उपयोग अनुचित है। उनका आरोप था कि इससे शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक छवि को ठेस पहुंच सकती है।

सेट पर पहुंचकर जताया विरोध

सूचना मिलने के बाद कई लोग मौके पर पहुंच गए और फिल्म यूनिट से नाराजगी जाहिर की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हल्की बहस भी देखने को मिली, जिसके बाद स्थिति को शांत करने की कोशिश की गई।

स्थानीय संगठनों ने कहा कि तीर्थनगरी में करोड़ों श्रद्धालु आते हैं और ऐसे दृश्य उनके धार्मिक भावनाओं को प्रभावित कर सकते हैं।

‘बार’ शब्द हटाने के बाद मामला शांत

विवाद बढ़ने के बाद फिल्म की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बोर्ड से ‘बार’ शब्द हटा दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई और मामला शांत कराया गया।

हालांकि, शूटिंग किस फिल्म की थी, इस बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें प्रोडक्शन टीम के सदस्य हालात को संभालते नजर आ रहे हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो इमरान हाशमी जल्द ही ‘आवारापन 2’ और तेलुगु फिल्म ‘G2’ में नजर आने वाले हैं। ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना है।