नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल 2026 के लीग चरण के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। बोर्ड ने 70 लीग मैचों का पूरा कार्यक्रम घोषित किया है, जो 24 मई तक चलेगा। हालांकि, फिलहाल प्लेऑफ और फाइनल मैच की तारीखों का एलान नहीं किया गया है। आईपीएल का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होगा।

दो चरणों में क्यों आया कार्यक्रम?

बीसीसीआई ने टूर्नामेंट का शेड्यूल दो हिस्सों में जारी किया है। पहले 20 मैचों का शेड्यूल पहले ही घोषित किया जा चुका था, जबकि अब लीग चरण के शेष 50 मैचों का कार्यक्रम सामने आया है। इसका मुख्य कारण अगले महीने पांच राज्यों – असम, पुडुचेरी, केरल, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु – में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। इन राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित होंगे।

12 शहरों में होंगे मुकाबले

बीसीसीआई ने दूसरे चरण के मैच 13 अप्रैल से 24 मई तक के लिए निर्धारित किए हैं। इस दौरान मुकाबले निम्न शहरों में खेले जाएंगे: बंगलूरू, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़।
13 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से हैदराबाद में होगा।

डबल हेडर मुकाबले और होम वेन्यू

दूसरे चरण में आठ डबल हेडर मुकाबले होंगे। इन मैचों में दोपहर के खेल भारतीय समयानुसार 3:30 बजे और शाम के मैच 7:30 बजे से शुरू होंगे।

  • पंजाब किंग्स अपने होम मुकाबले न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेंगे। धर्मशाला में कुल तीन मैच होंगे।
  • राजस्थान रॉयल्स के चार मैच जयपुर में खेले जाएंगे।
  • गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) तीन होम मैच बंगलूरू और दो मैच रायपुर में खेलेंगे।

बीसीसीआई ने बताया कि प्लेऑफ और फाइनल के वेन्यू की घोषणा बाद में की जाएगी।