टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को कोलंबो में 61 रनों से हराकर सुपर आठ में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जबरदस्त जीत के बाद पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने सोशल मीडिया पर इस जीत का जश्न मनाते हुए पाकिस्तानी टीम का मज़ाक उड़ाया।
इरफान का वायरल वीडियो
इरफान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया जिसमें वह 'अफगान जलेबी' गाने पर डांस करते नजर आए। वीडियो के कैप्शन में इरफान ने लिखा, “कैसा रहा रविवार।” इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर आग लगा दी है और फैंस इसे खूब शेयर कर रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब इरफान ने इस गाने पर डांस किया है। पिछले साल एशिया कप में भारत की पाकिस्तान पर जीत के बाद और चैंपियंस ट्रॉफी में अफगानिस्तान की इंग्लैंड पर जीत के समय भी उन्होंने इसी गाने पर डांस किया था।
भारत की एकतरफा जीत
मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर 175 रन बनाए। ईशान किशन ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूती दी। जवाब में पाकिस्तान की टीम सिर्फ 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की यह टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ी रनों से जीत साबित हुई। भारतीय गेंदबाजों ने मैच में शानदार प्रदर्शन किया और पाकिस्तान को पूरे 20 ओवर खेलने का मौका नहीं दिया।
इस जीत के साथ भारत ने टी20 विश्व कप में अपने दबदबे को साबित कर दिया और सुपर आठ में क्वालिफाई कर नई उम्मीदें जगी दी हैं।