मुजफ्फरनगर: लखनऊ से मिले निर्देशों के बाद प्रशासन ने बड़े होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जांच को तेज कर दिया है। जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर गठित दूसरी विशेष जांच टीम ने बुधवार शाम शहर में कार्रवाई करते हुए ‘पंडित भोज’ होटल को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।
जांच में सामने आई गंभीर खामियां
एसडीएम राहुलदेव भट्ट के नेतृत्व में पहुंची टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि होटल में बिजली व्यवस्था और फायर सेफ्टी मानक पूरी तरह संतोषजनक नहीं थे। इसके अलावा भवन में सुरक्षित निकास (एग्जिट) की उचित व्यवस्था नहीं मिली और मुख्य प्रवेश द्वार भी बेहद संकरा पाया गया।

अधिकारियों ने इन खामियों को किसी भी आपात स्थिति में गंभीर खतरा मानते हुए तत्काल होटल का संचालन बंद कराने के निर्देश दिए।
अन्य प्रतिष्ठानों की भी हुई जांच
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। टीम ने रुड़की रोड स्थित स्वरूप प्लाजा में संचालित ग्रीन एप्पल होटल और वी-बाजार सहित कई अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। यहां भी फायर सेफ्टी, बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच की गई।

प्रशासन सख्त, अभियान जारी रहेगा
इस विशेष जांच टीम का नेतृत्व एसडीएम राहुलदेव भट्ट कर रहे हैं। टीम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग और बिजली विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले किसी भी होटल, रेस्टोरेंट, मॉल या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा।