भारत की शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने दुबई में फंसी होने के दौरान हालात का वीडियो संदेश जारी किया। सिंधू बंगलुरु से ब्रिटेन के बर्मिंघम जा रही थीं, जहां उन्हें प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में खेलना था। लेकिन दुबई में फ्लाइट उतरते ही परिस्थितियां अचानक बदल गईं और एयरस्पेस बंद कर दिया गया।

धमाके के करीब से अनुभव
वीडियो में सिंधू ने कहा, “हैलो सभी को। सबसे पहले मैं धन्यवाद कहना चाहती हूं कि आप हमारी चिंता कर रहे हैं। दुबई में उतरते ही हालात बदल गए। हमने ऊपर इंटरसेप्शन की आवाजें सुनीं और कुछ घंटों बाद हमारे ठहरने की जगह के बेहद पास जोरदार धमाका हुआ।”

सिंधू ने बताया कि धमाका उनके कोच के बेहद करीब हुआ। “मेरे कोच लगभग 100 मीटर दूर थे और उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाना पड़ा। इतनी नजदीकी घटना का अनुभव आपको अंदर तक झकझोर देता है, लेकिन हमारी टीम ने संयम बनाए रखा और एक-दूसरे का समर्थन किया।”

कोच ने जताई चिंता, सुरक्षा की पुष्टि
सिंधू के इंडोनेशियाई कोच इरवांस्याह आदि प्रतामा ने कहा, “हमें होटल में सुरक्षित रखा गया है, लेकिन थोड़ी चिंता बनी हुई है। दुबई में उड़ानें रद्द हो रही हैं। हमारी कोशिश है कि सिंधू का मैच समय पर हो सके। उम्मीद है कि आज उड़ान मिल जाएगी।”

बाकी भारतीय खिलाड़ी बर्मिंघम पहुंचे
भारत की अन्य खिलाड़ी पहले ही बर्मिंघम पहुंच चुकी हैं। इसमें सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी, लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी, गायत्री गोपीचंद, त्रीसा जॉली और मालविका बंसोड़ शामिल हैं। उन्नति हुड्डा अभी भी भारत में हैं क्योंकि उनकी फ्लाइट रद्द हो गई थी। उन्नति ने कहा, “दूसरी उड़ानों में सीट नहीं मिली। बीएआई और बीडब्ल्यूएफ से संपर्क में हूं, शायद मेरा मैच थोड़ा बाद में कराया जाए।”

ऑल इंग्लैंड पर असर
ऑल इंग्लैंड ओपन मंगलवार से शुरू हो रही है। एयरस्पेस बंद होने और उड़ानों में रद्दीकरण के कारण खिलाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। सिंधू और उनकी टीम सुरक्षित हैं, लेकिन स्थिति सामान्य होने तक अनिश्चितता बनी हुई है।