भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि की है कि स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह शनिवार को कोलकाता में टीम इंडिया के साथ शामिल होंगे। रिंकू कुछ दिन के लिए अपने घर अलीगढ़ लौटे थे, जहां उन्होंने अपने पिता खानचंद सिंह के निधन के बाद अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया।

रिंकू के पिता तीन दिन से नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती थे और लंबी बीमारी से जूझ रहे थे। शुक्रवार सुबह उनका निधन हुआ, और रिंकू ने पिता को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इस समय उनकी टीम में वापसी पर संदेह था, लेकिन बीसीसीआई के सचिव ने साफ कर दिया कि रिंकू शनिवार को टीम में लौटेंगे।

सैकिया ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, “रिंकू सिंह कल कोलकाता में टीम से जुड़ेंगे।”

मौजूदा टूर्नामेंट में रिंकू का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर से कम रहा है। उन्होंने अब तक पांच पारियों में सिर्फ 24 रन बनाए हैं, जिसमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शून्य पर आउट होना भी शामिल है।

भारत रविवार को सुपर-8 चरण के महत्वपूर्ण मुकाबले में वेस्टइंडीज का सामना करेगा। यह मुकाबला सेमीफाइनल की दौड़ में बेहद अहम माना जा रहा है। विजेता टीम ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में जगह बनाएगी।