न्यूजीलैंड ने सुपर-8 मुकाबले में श्रीलंका को 61 रन से मात देकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया। कीवी टीम की जीत में कप्तान मिचेल सेंटनर की ताबड़तोड़ पारी और रचिन रवींद्र के ऑलराउंड प्रदर्शन ने अहम भूमिका निभाई।
मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 168 रन बनाए। टीम की शुरुआत कमजोर रही और 84 रन पर 6 विकेट गिर चुके थे। लेकिन कप्तान सेंटनर ने संभलकर बल्लेबाजी की और 26 गेंदों में 47 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुँचाया। उन्होंने इस दौरान 2 चौके और 4 छक्के जड़े। उनके साथ कोल मैककॉन्ची ने 31 रन की नाबाद पारी खेली। नंबर-3 बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने 22 गेंदों में 32 रन बनाकर टीम को गति दी। इसके अलावा फिन एलन ने 23 और ग्लेन फिलिप्स ने 18 रन बनाए।
बल्लेबाजी में शानदार योगदान के बाद अब गेंदबाजी में भी न्यूजीलैंड ने श्रीलंका पर हावी होकर मैच अपने नाम किया। 169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बुरी रही। पहली ही गेंद पर मैट हेनरी ने पथुम निसांका को बोल्ड किया। इसके बाद टीम लगातार विकेट खोती चली गई और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। अकेले कामिंदु मेंडिस ने 23 गेंदों में 31 रन बनाए।
कीवी गेंदबाजों में रचिन रवींद्र ने सबसे बड़ा असर दिखाया। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 27 रन देकर 4 विकेट चटकाए। इसके अलावा दुष्मंथा चमीरा और महेश तीक्षाना को 3-3 विकेट मिले, लेकिन उनका प्रदर्शन टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था।
इस जीत के साथ न्यूज़ीलैंड अब सेमीफाइनल की दौड़ में बने हुए हैं। सुपर-8 में अब तक कीवी टीम ने दो मैच खेले हैं और 3 अंक जुटाए हैं। बारिश के कारण पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच को रद्द कर दिया गया था, जिससे दोनों टीमों को 1-1 अंक मिले थे। शुक्रवार को मिचेल सेंटनर की टीम इंग्लैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी।