चेन्नई। सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले मुकाबले में हार का सामना करने के बाद टीम इंडिया की पूरी ताकत जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत पर केंद्रित है। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को अब अपने दोनों बचे हुए मैच जीतने ही होंगे। गुरुवार को होने वाले मैच से पहले टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रिंकू सिंह की उपलब्धता को लेकर नई जानकारी दी है। उनके अनुसार रिंकू आज शाम तक टीम से चेन्नई में जुड़ सकते हैं।

रिंकू सिंह अपने पिता के स्वास्थ्य कारणों से नोएडा गए थे

टीम के प्रमुख बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खानचंद लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और कुछ दिनों से नोएडा के अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार को रिंकू भी पिता का हाल जानने के लिए चेन्नई से नोएडा पहुंचे थे। इस कारण उनकी जिम्बाब्वे मैच में उपलब्धता को लेकर अटकलें तेज थीं। लेकिन कोच सितांशु कोटक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि रिंकू आज शाम तक टीम में शामिल हो सकते हैं।

अभिषेक शर्मा के फॉर्म पर भी बात की

कोटक ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के मौजूदा फॉर्म पर भी चर्चा की। इस टूर्नामेंट में अभिषेक का बल्ला काफी समय तक खामोश रहा। लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद अहमदाबाद में उन्होंने 15 रन बनाए। कोच ने कहा कि बीमारी के कारण अभिषेक को मोमेंटम नहीं मिल पाया था, लेकिन खिलाड़ी पर फोकस करना जरूरी नहीं है। वह जल्द ही फॉर्म में लौटेंगे और टीम को महत्वपूर्ण योगदान देंगे।