नई दिल्ली में शनिवार को बीसीसीआई ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी। यह टूर्नामेंट 12 जून 2026 से इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा। घोषणा से पहले बीसीसीआई मुख्यालय में चयन समिति की अहम बैठक हुई।

भारतीय टीम की कमान एक बार फिर हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को करेगा, जहां उसका मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से बर्मिंघम में होगा।

टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत ग्रुप ए में शामिल है, जिसमें पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश, नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमें मौजूद हैं। इस संस्करण में कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे और फाइनल 5 जुलाई को होगा।

भारतीय महिला टीम (15 सदस्यीय स्क्वॉड)

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फूलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), श्री चरणी, नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव।

भारत का ग्रुप स्टेज शेड्यूल

  • 14 जून: भारत vs पाकिस्तान

  • 17 जून: भारत vs नीदरलैंड

  • 21 जून: भारत vs साउथ अफ्रीका

  • 25 जून: भारत vs बांग्लादेश

  • 28 जून: भारत vs ऑस्ट्रेलिया

खिताब पर भारत की नजर

2025 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम अब पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने की कोशिश करेगी। हालांकि ऑस्ट्रेलिया अब तक 6 बार खिताब जीतकर सबसे सफल टीम बनी हुई है।

ग्रुप्स की स्थिति

ग्रुप ए: भारत, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया
ग्रुप बी: इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, आयरलैंड, स्कॉटलैंड

यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है और भारत पर इस बार खिताब जीतने का दबाव भी रहेगा।