बिहार। सारण में वाराणसी-छपरा रेलखंड पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक डीएमयू ट्रेन और खड़ी बस के बीच टक्कर हो गई। यह घटना गौतम स्थान और रिविलगंज घाट स्टेशन के बीच स्थित गोरिया छपरा श्मशान घाट के पास हुई।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि टक्कर से बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव से ग्रामीण एक शव के अंतिम संस्कार के लिए गोरिया छपरा श्मशान घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान सभी लोग बस से उतरकर घाट पर मौजूद थे।
इसी दौरान बस चालक वाहन को पीछे करने की कोशिश कर रहा था। तभी औड़िहार से छपरा की ओर जा रही 75102 डीएमयू ट्रेन वहां पहुंच गई और बस के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया, लेकिन किसी के घायल न होने से सभी ने राहत की सांस ली। सूचना मिलने पर रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।