बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहल चरण का मतदान जारी है। इसी बीच लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। चिराग पासवान ने कहा है कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार भाजपा का साथ छोड़कर महागठबंधन में शामिल होने जा रहे हैं।
चिराग पासवान ने ट्वीट कर कहा, ‘आदरणीय नीतीश कुमार जी को दिया गया एक भी वोट ना सिर्फ बिहार को कमजोर और बर्बाद करेगा बल्कि राजद व महागठबंधन को मजबूत करेगा। चुनाव के परिणामों के बाद भाजपा को छोड़ राजद के साथ जाने की तैयारी कर चुके है साहब। राजद के आशीर्वाद से पहले भी सरकार बना चुके हैं।’
लोजपा अध्यक्ष ने नीतीश के 15 साल के कार्यकाल पर भी सवाल उठाया और उसे बदहाल कार्यकाल करार दिया। चिराग ने ट्वीट कर कहा, ‘पहले 15 वर्ष बदनाम था बिहार, दूसरे 15 वर्ष में बदहाल है बिहार। लेकिन अब आप सब के आशीर्वाद से नीतीश मुक्त सरकार कर बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट बनाना है। नीतीश कुमार जी से ज्यादा सीटों पर लोजपा चुनाव लड़ रही है और नीतीश जी से ज्यादा सीटें जीत कर भाजपा-लोजपा सरकार बनेगी।’
चिराग ने मतदाताओं से इस चुनाव में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘प्रथम चरण के मतदान में आप सभी से अपील है कि अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें, ताकि बिहार को बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट बनाया जा सके। कोरोना से बचाव करते हुए लोकतंत्र को भी मजबूत करना है।’