केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा बिहार दौरे पर हैं। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने उन्हें पटना, भागलपुर, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा आदि को बड़ी सौगातें देने के लिए भेजा है। वह भाजपा अध्यक्ष के रूप में बैठक भी करेंगे।

सुपौल में साढ़े तीन करोड़ रुपए की लागत से बने नवनिर्मित 50 बेड के अस्पताल भवन का उद्घाटन
सुपौल के राघोपुर रेफरल अस्पताल में साढ़े तीन करोड़ रुपए की लागत से बने नवनिर्मित 50 बेड के अस्पताल भवन का उद्घाटन किया गया। इसके अतिरिक्त सदर अस्पताल भवन के ऊपरी तल पर दवा भंडार कक्ष का भी उद्घाटन किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, सूबे के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय  सहित अन्य मंत्रियों ने पटना से वीडियो कान्फ्रेंसिंग से किया। इधर, जिलाधिकारी कौशल कुमार और पिपरा विधायक रामविलास कामत भी इस कार्यक्रम में वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जुड़े। राघोपुर में उद्घाटन के बाद दोपहर करीब 2:55 बजे निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव द्वारा रेफरल अस्पताल पहुंचकर नवनिर्मित भवन पर लगे शिलापट्ट का अनावरण फीता काटकर किया गया।

मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण भारत सरकार जेपी नडडा ने ऑनलाइन किया उद्घाटन
सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के कबीरा पंचायत स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कबिराधाप का बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण भारत सरकार जेपी नडडा ने ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस दौरान राजद विधायक यूसुफ सलाउद्दीन व प्रखंड प्रमुख सरिता संगम एवं चिकित्सक प्रेम शंकर ने संयुक्त रूप से कबिराधाप स्तिथ अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शिलापट्ट का विधिवत लोकार्पण किया।

भागलपुर पहुंचे जेपी नड्डा, खूब हुआ स्वागत 
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा आईजीआईएमएस पटना के समारोह से निकलने के बाद भागलपुर पहुंच गये हैं। पटना एयरपोर्ट से वह हेलीकॉप्टर के जरिए भागलपुर पहुंचें। भागलपुर एयरपोर्ट के हेलीपैड से निकलने के बाद वह मायागंज स्थित जवाहर लाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाएंगे। जेपी नड्डा के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी हैं। 

भागलपुर पहुंच रहे हैं जेपी नड्डा 
जे पी नड्डा भागलपुर के तिलकामांझी में बने 200 करोड़ के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह मॉडल अस्पताल, नारायणपुर पीएचसी, बिहपुर पीएचसी भवन, खरिक सीएचसी अस्पताल के भवन की सौगात भी देंगे। कुछ ही देर में वह वहां पहुंचने वाले हैं।