बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल यानी पटना के पीएमसीएच में आज एक बार फिर आग लग गई। आग लगते ही वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। मरीज और मरीज के परिजन इधर उधर भागने लगे। अस्पताल में मौजूद लोगों ने बताया कि इमरजेंसी वार्ड में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने प्रचंड रूप ले लिया। अस्पतालकर्मियों ने तुरंत घटना की जानकारी स्थानीय थाना और अग्निशमन को दी।

आग पर काबू पाने में लग गये तीन घंटे 
अस्पताल में मौजूद लोगों का कहना है कि आग की लपट इतनी भयानक और तेज थी कि आग पर काबू पाने में अग्नि दस्ते के अधिकारियों और कर्मियों को लगभग तीन से चार घंटे से अधिक की समय लग गए। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की बात बताई जा रही है। घटना के बाद पटना के सचिवालय, कंकड़बाग, पटना सिटी, लोदीपुर, दानापुर की अग्नि दस्ते की गाड़ी मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि आग पर काबू पाने में अग्नि दस्ते की 12 बड़ी गाड़ियों और लगभग आधा दर्जन छोटी गाड़ियों को लगाया गया। तब आग पर काबू पाने में अग्नि दस्ते को सफलता प्राप्त हुई।

Bihar News : Fire broke out in the emergency ward of Patna PMCH.due to short circuit.

आग लगने के कारण पर अधिकारी खामोश 
अस्पतालकर्मियों का कहना है कि आग लगने से पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में रखे गए लाखों रुपए के समान, कीमती दवाइयां, कूलर, एसी सहित काफी सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद इमरजेंसी वार्ड में चारों तरफ धुआं भर जाने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस बीच अग्नि दस्ते के अधिकारियों ने इमरजेंसी वार्ड के चारों तरफ पांच एडजस्ट फैन को लगाकर धुआं बाहर निकाला। आग लगने के कारणों के संबंध में पीएमसीएच के कोई भी अधिकारी फिलहाल कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। अधिकारियों ने बस इतना ही बताया कि आग कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है।