लोकसभा चुनाव 2024 की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों के नेताओं के बयानों में तल्खी बढ़ती जा रही है। जहां एक ओर भाजपा के शीर्ष नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने चुनाव प्रचार में लगातार विपक्षी पार्टियों पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर हमलावर हैं। वहीं, विपक्षी पार्टियां भी हाल ही में सामने आए इलेक्टोरल बॉन्ड घोटाले मामले और बेरोजगारी को लेकर सत्तारूढ़ केंद्र सरकार पर हमलावर है।

इसी बीच गुरुवार को बिहार की पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रही राजद प्रमुख लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने पीएम मोदी को लेकर दिए अपने एक बयान से चर्चा में बनी हुई हैं। उन्होंने चुनावी चंदा घोटाला मामले (इलेक्टोरल बॉन्ड घोटाला मामला) का जिक्र करते हुए कहा था कि अगर देश की जनता ने कहीं हमें (इंडिया गठबंधन को) मौका दे दिया तो प्रधानमंत्री से लेकर के जितने भी भाजपा नेता हैं, जेल में बंद होंगे। मीसा के इस बयान के बाद एनडीए गठबंधन के सहयोगी और लोजपा रामविलास प्रमुख चिराग पासवान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मीसा के बयान को न्यायिक व्यवस्था पर हमला बताया है।

LS Polls 2024: Chirag Paswan's reaction to Misa Bharti's statement of sending PM Modi and BJP leaders to jail

दरअसल, ईद के मौके पर चिराग पासवान अपने संसदीय क्षेत्र हाजीपुर में समर्थकों से मिलने पहुंचे थे। जहां चिराग ने कहा कि मीसा भारती का बयान बदले की भावना से भरा है। लालू परिवार बदले की आग में जल रहा है। चिराग ने कहा कि पिछली सरकारों के समय एक के बाद एक घोटालों का दौर था। जबकि पिछले 10 सालों से केंद्र में एक ऐसी सरकार है, जिसपर भ्रष्टाचार का एक भी मामला नहीं है। ऐसे में बिना आरोपों के किसी को जेल भेजने वाला मीसा का बयान न्यायिक व्यवस्था पर हमला है।

चिराग पासवान ने कहा है कि ये बदले की भावना है। अगर आपके पास कोई आरोप है तो आप आरोप लगाइए न। उन्होंने कहा कि 2004 का समय ऐसा था, जब UPA की सरकार में एक के बाद एक घोटाले के मामले सामने आ रहे थे। जितनी भी कार्रवाई हुई है, उन घोटालों के आधार पर हुई है। चिराग ने दावा करते हुए कहा कि यह सरकार (मौजूदा केंद्र सरकार) ऐसी है, जिसमें कोई घोटाला नहीं है। इस बयान में बदले की भावना दिखती है, ये गलत है।