बिहार के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) सुधांशु कुमार ने सोमवार को राज्य में हाल ही में सामने आए तीन बड़े मामलों—भोजपुर के शाहपुर में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर, नीट पुनर्परीक्षा में हुए कथित फर्जीवाड़े और गोपालगंज में अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर हमले—को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी मामलों की जांच पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर: DIG को सौंपी गई जांच

एडीजी ने बताया कि भोजपुर एनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच के लिए शाहाबाद रेंज के डीआईजी को अधिकृत किया गया है। इस मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जिनके कांड संख्या 169/26 और 170/26 हैं।

उन्होंने कहा कि जांच को वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ाने के लिए एफएसएल समेत सभी तकनीकी और फोरेंसिक संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही, उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक जांच आयोग का गठन भी किया गया है, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे।

प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर एक थानाध्यक्ष, दो सब-इंस्पेक्टर, एक एएसआई और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।

एडीजी ने यह भी स्पष्ट किया कि चूंकि मामला न्यायिक जांच के दायरे में है, इसलिए स्टिंग ऑपरेशन या अन्य आरोपों पर पुलिस फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं करेगी।

NEET पुनर्परीक्षा में सॉल्वर गैंग का खुलासा

NEET पुनर्परीक्षा से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए लखीसराय में सक्रिय सॉल्वर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। तीन परीक्षा केंद्रों से नौ डमी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है।

इसके अलावा, एक मूल अभ्यर्थी संजीव कुमार और गया मेडिकल कॉलेज से जुड़े अर्पित राज को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार अर्पित राज पर पूरे नेटवर्क के संचालन का आरोप है।

जांच में बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया से जुड़े 18 आउटसोर्स कर्मियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले में कवैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

पंकज त्रिपाठी के भाई पर हमला: आरोपी गिरफ्तार

गोपालगंज में अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर हुए हमले को लेकर एडीजी ने बताया कि यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी थी। हमले में कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया गया था।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एडीजी सुधांशु कुमार ने दोहराया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े हर मामले में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और सभी मामलों में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।