राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर राजनांदगांव पहुंचे। यहां उन्होंने शहर के स्टेट स्कूल परिसर में आयोजित प्रगतिशील किसान सम्मेलन में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 510 करोड़ 89 लाख 16 हजार रुपये से अधिक की लागत वाले 333 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
किसानों का हुआ सम्मान, विकास कार्यों को मिली गति
प्रगतिशील किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है, वे आने वाले समय में स्थानीय स्तर पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी।
स्कूलों की समस्याओं पर दिया आश्वासन
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों के खुलने के बाद यदि कहीं भी व्यवस्थागत खामियां सामने आती हैं तो सरकार उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
राजनीतिक बयान भी दिए
राजनीतिक सवालों पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, उसे पूरा भी करती है। उन्होंने दावा किया कि जनता का भरोसा लगातार पार्टी पर बढ़ रहा है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में भाजपा को और मजबूती मिलेगी और जनता का समर्थन बढ़ेगा।