उत्तर प्रदेश में मानसून की देरी के चलते भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह है कि तराई क्षेत्र भी अब लू की चपेट में आ गए हैं। रविवार को बहराइच और लखीमपुर खीरी के साथ-साथ पूर्वी यूपी के प्रयागराज, गाजीपुर और वाराणसी में लगातार दूसरे दिन तेज लू का प्रभाव बना रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी से किसी बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है। विभाग ने सोमवार के लिए राज्य के 39 जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें बांदा, प्रयागराज, वाराणसी और झांसी जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं।

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो रविवार को बांदा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 42.5 डिग्री, वाराणसी में 42.4 डिग्री और झांसी में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, फिलहाल अगले तीन दिनों तक पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्र सहित कई हिस्सों में लू और तीव्र गर्मी का असर जारी रहेगा। इसके बाद मानसून की सक्रियता बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने जिन जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है, उनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर समेत आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।