शाहजहांपुर के कलान क्षेत्र में रविवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। तिहारखेड़ा से जलालाबाद के ठिंगरी बरात जा रही बारातियों से भरी बस मुरादाबाद–फर्रुखाबाद मार्ग पर बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दूल्हे के चाचा सहित करीब 22 बराती घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, तिहारखेड़ा निवासी अनूप की शादी के लिए लगभग 60 से 65 बराती एक निजी बस से रवाना हुए थे। जैसे ही बस मिर्जापुर क्षेत्र के जरियनपुर गंगा चौराहा स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची, उसी दौरान दो बाइक सवारों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई।
बाइक सवारों को बचाने की कोशिश में बस चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
इस दुर्घटना में दूल्हे के चाचा बाबूराम, रिश्तेदार भूपेंद्र, शरदवीर, ओमकार, सतीश, विकास और रघुनंदन समेत लगभग 22 लोग घायल हो गए। एक बाइक सवार, मिर्जापुर के गोकुलनगरा निवासी शिवम भी इस हादसे में घायल हुआ, जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर सीओ ज्योति यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को मिर्जापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। अधिकारियों के अनुसार, बस चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
सीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 45 सीटों वाली बस में क्षमता से अधिक, करीब 60 से 65 लोग सवार थे। सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है और मामले की जांच जारी है।