पटना। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा व्यवस्था में किए गए संशोधन को लेकर राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। एक तरफ राबड़ी देवी अपने सरकारी आवास (10 सर्कुलर रोड) को खाली करने के मुद्दे पर सरकार से असहमति जता रही हैं, वहीं शनिवार को उन्होंने अचानक अपने आवास पर तैनात सभी सुरक्षा कर्मियों को वापस भेज दिया।
आवास के बाहर नहीं दिखी सुरक्षा, बढ़ी चर्चा
शनिवार सुबह 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के आवास के बाहर सुरक्षा कर्मियों की अनुपस्थिति देखी गई। परिसर के बाहर सामान्य से अधिक शांति और सन्नाटा नजर आया, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
इस पूरे मामले पर राजद ने राज्य सरकार पर सुरक्षा व्यवस्था में कटौती को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
राजद का सरकार पर हमला
राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई सुरक्षा को वापस करने का निर्णय लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर परिवार की सुरक्षा व्यवस्था में कटौती की है, जो राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कदम है।
उन्होंने आगे कहा कि एक ओर आवास खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है और दूसरी ओर सुरक्षा में बदलाव कर अपमानित करने की कोशिश हो रही है। यह लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में पार्टी के अन्य नेता भी अपनी सरकारी सुरक्षा छोड़ सकते हैं।
जेड प्लस सुरक्षा हटाकर नई व्यवस्था लागू
गौरतलब है कि बिहार सरकार ने राज्य सुरक्षा समिति की सिफारिश के बाद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को मिली जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था को समाप्त कर दिया है। इसके स्थान पर अब उन्हें विशेष सुरक्षा समूह (SSG) की सुरक्षा प्रदान की गई है।
नई व्यवस्था के तहत उन्हें बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के जवान, महिला एवं पुरुष अंगरक्षक, बुलेटप्रूफ वाहन, पायलट वाहन और एस्कॉर्ट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।