दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज “विकसित भारत के लिए मेरा भारत युवा सम्मेलन” में हिस्सा लिया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटे युवाओं के उत्साह को उन्होंने देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत बताया।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में शामिल सभी युवा प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को लगातार नए अवसर और मंच मिल रहे हैं, जिन्हें उन्हें अपनी मेहनत, नवाचार और प्रतिभा के जरिए उपलब्धियों में बदलना चाहिए।

रेखा गुप्ता ने कहा कि किसी भी विकसित राष्ट्र की नींव उसके युवा होते हैं और भारत की प्रगति भी इसी ऊर्जा और क्षमता पर आधारित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब युवा आगे बढ़ते हैं, तभी देश विकास की नई ऊंचाइयों को छूता है।

उन्होंने युवाओं को अपने विचारों, कौशल और रचनात्मकता का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सम्मेलन युवाओं को एक साझा मंच प्रदान करते हैं, जहां वे न केवल अपने विचार साझा करते हैं बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।