पटना में TRE-4 के विज्ञापन और बीपीएससी नियमावली में संशोधन की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन ने गुरुवार को उग्र रूप ले लिया। पटना कॉलेज से शुरू हुआ विरोध मार्च जैसे ही जेपी गोलंबर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद बड़ी संख्या में छात्रों और पुलिस बल के बीच तनाव बढ़ गया।

स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसमें कई अभ्यर्थियों के घायल होने की खबर है। छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में चल रहे इस प्रदर्शन में प्रतिभागी लंबे समय से लंबित TRE-4 वैकेंसी को जल्द जारी करने की मांग कर रहे थे।

प्रदर्शनकारी छात्र पटना कॉलेज से बीपीएससी कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन उन्हें जेपी गोलंबर पर ही रोक दिया गया। इस दौरान कुछ छात्र नेताओं को हिरासत में भी लिया गया, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

छात्र नेता दिलीप ने आरोप लगाया कि लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से TRE-4 की वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से बार-बार जल्द विज्ञापन जारी करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उनके अनुसार, शिक्षा विभाग और बीपीएससी की देरी के कारण अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और कई की उम्र सीमा भी खत्म होने के कगार पर है।

बीपीएससी ने पहले जारी नोटिस में कहा था कि संबंधित अधियाचना प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही TRE-4 का विज्ञापन जारी किया जाएगा, लेकिन अब तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द विज्ञापन जारी नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।