छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में अज्ञात हमलावरों ने कांग्रेस नेता सम्मेलाल कश्यप के बड़े बेटे आयुष कश्यप की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे तीन नकाबपोश बदमाश सम्मेलाल कश्यप के घर में घुस आए। सम्मेलाल कश्यप सीमेंट और रेत के कारोबार से जुड़े हैं और कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष रह चुके हैं। घर में घुसते ही हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और परिवार के लोगों को निशाना बनाया।
इस हमले में आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका छोटा भाई आशुतोष कश्यप भी गोली लगने से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
मृतक की बहन प्रेरणा कश्यप के अनुसार, हमलावरों ने चेहरे ढक रखे थे और वे सीधे आयुष को निशाना बनाते हुए फायरिंग करने लगे। इसके बाद उन्होंने आशुतोष पर भी गोली चला दी। प्रेरणा ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले कुछ युवक गांव में आए थे और आयुष के बारे में जानकारी ले रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के साथ साइबर और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप ने आशंका जताई है कि यह हमला रेत कारोबार से जुड़े विवाद का नतीजा हो सकता है, क्योंकि हाल ही में आयुष इस काम में सक्रिय हुआ था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए तलाश तेज कर दी गई है।