हापुड़: ब्रजघाट गंगा घाट पर मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 70 वर्षीय वृद्धा को उसका बेटा गंगा स्नान के बहाने छोड़कर चला गया। रविवार शाम से बेटा यह कहकर गया था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन पूरी रात बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं आया। वृद्धा पूरी रात घाट पर भूखी-प्यासी बैठकर बेटे का इंतजार करती रहीं।

सोमवार को स्थानीय लोगों ने वृद्धा को घाट के किनारे रोते हुए देखा तो तुरंत उनसे पूछताछ की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर ब्रजघाट पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को संभाला। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम भगवती बताया और कहा कि वह दिल्ली के गाजीपुर इलाके की रहने वाली हैं। उनके पति का निधन पहले ही हो चुका है।

महिला ने बताया कि वह रविवार को अपने बेटे के साथ गंगा दशहरा के अवसर पर स्नान करने ब्रजघाट आई थीं। शाम के समय बेटा उन्हें एक स्थान पर बैठाकर यह कहकर चला गया कि वह कुछ ही देर में लौटेगा, लेकिन फिर वापस नहीं आया।

रातभर हजारों लोगों की भीड़ के बीच अकेली बैठी वृद्धा भय और असहाय स्थिति में बेटे को ढूंढती रहीं। चलने में असमर्थ होने के कारण वह घाट पर ही बैठी रहीं। उनके पास लगभग 700 रुपये भी थे, लेकिन वह उन्हें खर्च नहीं कर सकीं क्योंकि वे लगातार बेटे की प्रतीक्षा करती रहीं।

पुलिस के अनुसार, वृद्धा अपने परिजनों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही हैं। सुरक्षा और देखभाल को देखते हुए उन्हें स्थानीय वृद्धाश्रम भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस उनके परिजनों की तलाश में जुटी है।